अंकिता भंडारी मामले में वीआईपी की भूमिका को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट नहीं हो सकेगा। नार्को टेस्ट से पहले होने वाले मेडिकल परीक्षण में सुरेश राठौर अनफिट पाए गए हैं। नार्को टेस्ट से पहले संबंधित व्यक्ति को एनेस्थीसिया दिया जाता है, इसलिए यह जानने के लिए मेडिकल टेस्ट जरूरी होता है कि उसका शरीर इसके लिए फिट है या नहीं और एनेस्थीसिया की कितनी मात्रा दी जानी चाहिए। चार दिन पहले गुजरात के गांधीनगर पहुंचे सुरेश राठौर का मेडिकल टेस्ट हुआ था, जिसमें वे अनफिट निकले और उन्हें वापस भेज दिया गया।

इधर, उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट को साजिश का हिस्सा बताया है और आरोप लगाया है कि सुरेश राठौर नार्को टेस्ट से बचने के लिए शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का बहाना बना रहे हैं।

दूसरी तरफ, गुजरात से लौट रहे पूर्व विधायक सुरेश राठौर का कहना है कि हरिद्वार पहुंचने के बाद वे उर्मिला सनावर से जुड़े कई राज सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने उर्मिला सनावर के निजी जीवन और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि वे बताएंगे कि उर्मिला के कितने पति हैं और मुंबई, दिल्ली, हरियाणा व सहारनपुर में उनके कौन-कौन करीबी हैं।