रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जम्मू दौरे पर हैं और यहां ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ में शामिल होंगे। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कई मार्गों पर प्रतिबंध तथा रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं। रैली के कारण सिदड़ा पंजतीर्थी और नगरोटा रोड बंद है।

पदयात्रा के दौरान डोडा, किश्तवाड़, रामबन और श्रीनगर जाने वाली बसें व मिनी बसें आईएसबीटी नरवाल से नरवाल-कासिम नगर-सिदड़ा ब्रिज-टीसीपी नगरोटा मार्ग का इस्तेमाल कर रही हैं। सांबा, कठुआ और आरएसपुरा की ओर जाने वाले वाहन वेयर हाउस से चौथे तवी ब्रिज और बेलीचराना होते हुए जा रहे हैं। अखनूर, पुंछ और राजौरी जाने वाली बसें भगवती नगर स्थित जेडीए पार्किंग से संचालित हो रही हैं। इन बदलावों से लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।

रेडियो स्टेशन से परेड चौक तक सीपीओ चौक, कच्ची छावनी, लाइब्रेरी चौक और महिला कालेज परेड मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित है। टीसीपी नगरोटा से मांडा आने वाले वाहनों को सिदड़ा कट की ओर डायवर्ट किया गया है। रैली में शामिल होने वाली पार्टी बसों के लिए रणबीरेश्वर मंदिर रोटरी, अटल चौक, जेल रोड अंबफला और महेशपुरा चौक निर्धारित किए गए हैं।

सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शुक्रवार रात को ही पुलिस व सुरक्षाबलों ने परेड इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया था।