बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पटना के फतुहा, मुजफ्फरपुर और मधुबनी के औद्योगिक क्षेत्रों में नई इकाइयां स्थापित की जा रही हैं। इन इकाइयों में स्पाइस पास्ता, सोया बेरी, प्लास्टिक स्टोरेज टैंक, वाटर प्योरिफायर और इलेक्ट्रिक गीजर का निर्माण होगा। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी पटना के फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में स्पाइस पास्ता और सोया बेरी की इकाई लगाई जा रही है। 7,500 वर्ग फुट में 4.22 करोड़ रुपये की लागत से यह इकाई स्थापित की जा रही है। इससे राजधानी और आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसी क्षेत्र में हाल ही में मेडिकल सर्जिकल उपकरण निर्माण की नई इकाइयां भी स्थापित की गईं और 73 औद्योगिक इकाइयों को 100 एकड़ से अधिक जमीन आवंटित की गई।

उत्तर बिहार के मधुबनी जिले के लोहट फेज-1 में प्लास्टिक स्टोरेज टैंक निर्माण की इकाई लगाई जा रही है। बियाडा ने इसके लिए 2.84 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 वर्ग फुट जमीन का अधिग्रहण किया है। इस इकाई से मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और आसपास के जिलों में उद्योग और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

मुजफ्फरपुर के औद्योगिक क्षेत्र में ब्लू सेफ वाटर प्योरिफायर और इलेक्ट्रिक गीजर निर्माण की इकाई स्थापित की जा रही है। बियाडा द्वारा 10,890 वर्ग फुट जमीन की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार यह इकाई 3.79 करोड़ रुपये की लागत से लगाई जाएगी। इससे क्षेत्र में रोजगार बढ़ने के साथ मेड इन बिहार विजन को नई पहचान मिलेगी।