पटना में आयोजित आठवें 'डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल' का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के हर जिले की पुलिस लाइन में डीएवी स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए डीएवी संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी से अनुरोध किया गया है और जिलाधिकारी स्थान चिह्नित कर जमीन उपलब्ध कराएंगे। राज्य में कुल 50 पुलिस लाइन हैं और सेंट्रल स्कूल की तर्ज पर यहां डीएवी स्कूल खोलने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में लगभग डेढ़ लाख पुलिस बल है, जिसमें करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं, और उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और अगले एक साल में इसे शुरू करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालय इसी धरती पर रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को पुनर्स्थापित किया गया है।

सीएम ने बताया कि राज्य में 534 प्रखंडों सहित 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां लगभग 4.5 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। जुलाई में मिली पहली रिपोर्ट के अनुसार रात एक बजे भी लगभग डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 1947 से 2026 तक बिहार में मात्र 272 डिग्री कॉलेज थे, जबकि राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज स्थापित करने के साथ शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लगभग 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है और युवाओं को बेहतर शिक्षा व अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से पढ़ाई के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बिहार के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं और सरकार का प्रयास है कि राज्य में ही ऐसे संस्थान विकसित हों जहां गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मिल सके।