कोटद्वार के भंगल्वाण ग्रामसभा के कंडाधार तोक में शनिवार को हुए वाहन हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह घर से रिखणीखाल के लिए निकली कंडाधार तोक की महिलाओं को यह अंदाजा नहीं था कि शाम को उनके घरों में चूल्हे तक नहीं जलेंगे। दुर्घटना में वाहन चालक अनिल को छोड़कर मृतक और घायल सभी लोग कंडाधार तोक के ही निवासी थे। ग्रामसभा भंगल्वाण में ग्राम भंगल्वाण और कंडाधार शामिल हैं, जहां कुल करीब पचास परिवारों में से लगभग बीस परिवार कंडाधार तोक में रहते हैं।

घटना की सूचना मिलने पर सबसे पहले मौके पर पहुंचे हिमांशु कोटनाला, आयुष और प्रदीप कुमार ने बताया कि कार के आसपास शव पड़े थे, जबकि कुछ शव कार के भीतर भी थे। उनके अनुसार घटनास्थल का नजारा काफी वीभत्स था। कुछ देर बाद अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को सड़क तक लाने का प्रयास करने लगे।

ग्रामीणों के अनुसार, कंडाधार निवासी दिनेश चंद्र, जगदीश सिंह, प्रेम सिंह और मदन सिंह भाई हैं। दुर्घटना में दिनेश की पत्नी कांति देवी, प्रेम सिंह की पत्नी रेखा देवी और मदन सिंह की पत्नी सुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि जगदीश की पत्नी सत्यवती को एयर लिफ्ट कर एम्स भेजा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे का शिकार बनी सरोजनी देवी के पति मोहन सिंह की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। उनके दो बच्चों के सिर से शनिवार को मां का साया छिन गया। मोहन सिंह के भाई रमेश चंद्र की पत्नी सुमित्रा देवी की भी शनिवार को मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना में जगदीश का परिवार सुरक्षित बच गया। उनकी पत्नी सत्यवती को एयर लिफ्ट कर देहरादून भेजा गया है, जबकि बेटी तनीशा को कोटद्वार भेजा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि जगदीश कार की छत पर बैठे थे और जैसे ही कार खाई में गिरी, उन्होंने छत से छलांग मार दी, जिससे उन्हें हल्की चोटें आई हैं।