कोचाधामन के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) नागेंद्र कुमार को गंभीर अनियमितताओं और कार्य में लापरवाही के आरोपों में निलंबित कर दिया गया है। बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग ने 27 नवंबर को अधिसूचना जारी कर तत्काल प्रभाव से यह आदेश दिया। उनके विरुद्ध कार्यालय संचालन, पर्यवेक्षण, वित्तीय एवं क्रय प्रक्रिया में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा पद के दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं।
विभागीय अधिसूचना के अनुसार, यह मामला बिहार विधानसभा के सदस्य सरवर आलम की ओर से दिए गए समर्पित परिवाद तथा अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, किशनगंज की जांच रिपोर्ट के आधार पर सामने आया। इसके अलावा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, किशनगंज की रिपोर्ट और अभिलेखों की भी समीक्षा की गई। जांच में नागेंद्र कुमार का स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया।
जांच में कई गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। इनमें पोषण अभियान के आवंटन की राशि एक माह बाद भी निकासी नहीं होना, सामान्य रोकड़ बही में लगभग पांच करोड़ रुपये अग्रिम तथा एक करोड़ रुपये की अव्यवहृत राशि लंबित रहना शामिल है। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण में शिथिलता बरतने, अवकाश के बावजूद निरीक्षण की प्रविष्टि आंगन एप पर दर्ज होने तथा समीक्षात्मक बैठकों में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने के मामले भी सामने आए।
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि कारण पृच्छा के बावजूद संबंधित पदाधिकारी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा जांच प्रतिवेदनों और अनियमितताओं की समीक्षा के बाद निलंबन का निर्णय लिया गया। बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के तहत यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उन्हें नियम-10 के प्रावधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा तथा उनका मुख्यालय पटना प्रमंडल के अंतर्गत जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कार्यालय, कैमूर निर्धारित किया गया है।
