औरैया और महोबा में मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। औरैया में उपायुक्त उद्योग, जिला सेवायोजन अधिकारी और चार बीएलओ का वेतन रोका गया है, जबकि महोबा के चरखारी विधानसभा क्षेत्र में 39 बीएलओ के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है।

औरैया के जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार के अनुसार शनिवार को कलेक्ट्रेट में निर्वाचन संबंधी कार्यों की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें उपायुक्त उद्योग एसके सूर्यवंशी और जिला सेवायोजन अधिकारी आशीष शुभम चौधरी शामिल नहीं हुए। दोनों अधिकारियों के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है। इनके अलावा बूथ संख्या 406 के बीएलओ अंकित कुमार, बूथ संख्या 439 के बीएलओ उदयवीर सिंह, बूथ संख्या 148 के बीएलओ संदीप कुमार और बूथ संख्या 168 के बीएलओ रामलखन का वेतन भी रोका गया है। इन पर 17 नवंबर से शनिवार तक मतदाता सूची के तहत कोई फार्म नहीं भरवाने का आरोप है।

उपायुक्त उद्योग का कहना है कि उनकी तैनाती कानपुर नगर में सहायक आयुक्त उद्योग पद पर है और उपायुक्त उद्योग दिनेश चंद्र के अवकाश पर होने के कारण उन्हें औरैया में अतिरिक्त चार्ज मिला है। उन्होंने वेतन रोके जाने की जानकारी होने से इनकार किया है। जिला सेवायोजन अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की।

महोबा में चरखारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, एसडीएम आदेश सिंह सागर ने 39 बीएलओ के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। 17 से 27 नवंबर के बीच फार्म-6 की प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि 38 मतदान स्थलों पर 11 दिनों में मात्र एक-एक फार्म-6 प्राप्त हुआ, जबकि एक मतदान स्थल पर एक भी फार्म नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार इससे स्पष्ट है कि संबंधित बीएलओ ने घर-घर जाकर पात्र नागरिकों, विशेषकर 18-19 वर्ष के युवाओं से संपर्क का कार्य गंभीरता से नहीं किया।

इस बीच औरैया में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत कलेक्ट्रेट ककोर में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर स्थापित किया गया है, जहां मतदाता सूची संबंधी जानकारी और समस्याओं का समाधान उपलब्ध होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य के अनुसार 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। साथ ही दिबियापुर, बिधूना और औरैया सदर विधानसभा क्षेत्रों में अधिकारियों ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर बीएलओ के कार्यों की जांच की और सुस्ती पर चेतावनी दी।