बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र के गांव महदूद नशो में दो पक्षों के बीच विवाद में फायरिंग और पथराव हुआ। इसमें एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में 10 लोगों को नामजद करते हुए 21 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शुगर मिल चौकी के गांव महदूद नशो निवासी इंतजार अहमद सोमवार को अपने परिवार के साथ हीमपुरदीपा क्षेत्र के गांव गांगू नंगला में एक शादी समारोह में गए थे। वहां गांव के ही कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। मामला शांत करा दिया गया और दोनों पक्ष गांव लौट आए। मंगलवार देर शाम इंतजार पक्ष के लोग घर पर थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि एक युवक ने तमंचे से फायरिंग की, जिसमें इंतजार पक्ष के फैजान के पैर में गोली लग गई। मौके पर भगदड़ मच गई।
पथराव और मारपीट में पांच से अधिक लोग घायल हो गए। फैजान समेत घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि फैजान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मारपीट और फायरिंग का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
कोतवाल सुधीर पवार ने बताया कि एसआई सागर चौधरी की ओर से एक पक्ष के कासिम, नवेद, मुशीर, नदीम और नसीम तथा दूसरे पक्ष के फैजान, अलताब, अमन, इकरार और नवेद को नामजद करते हुए 11 अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
