सीसवाल गांव के शिव चौक के पास ट्रैक्टर से टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए आदमपुर निवासी कृष्ण की हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। चार दिन तक चले इलाज के बाद सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई सुरेश ने बताया कि 12 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे पिता को पुलिसकर्मी का फोन आया कि कृष्ण का सड़क हादसा हुआ है और उन्हें नागरिक अस्पताल आदमपुर में भर्ती कराया गया है। वहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रात करीब 11 बजे उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां 13 से 16 नवंबर तक उनका उपचार चला। 16 नवंबर की रात करीब 11 बजे चिकित्सकों ने उनकी मौत की जानकारी दी।
सुरेश के अनुसार, कृष्ण सीसवाल से आदमपुर जा रहे थे। लोगों ने बताया कि आगे चल रहे ट्रैक्टर चालक सुनील कुमार निवासी ढाणी लाखपुल सीसवाल ने कथित तौर पर अचानक सड़क पर ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। सुरेश ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कृष्ण तीन भाइयों में मंझले थे, अविवाहित थे और प्राइवेट नौकरी करते थे।
