भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में धार्मिक स्थलों को अब सिर्फ आस्था के केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि पर्यटन और स्थानीय कारोबार से जुड़े आर्थिक आधार के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। मेले में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा और बिहार के मंडपों में यह खास तौर पर नजर आ रहा है। इन मंडपों में मंदिरों की स्थापत्य कला को प्रवेश द्वार का रूप दिया गया है, तो कहीं तीर्थस्थलों और धार्मिक परंपराओं को सेल्फी प्वाइंट के जरिये दर्शाया गया है।
उत्तराखंड मंडप का प्रवेश द्वार आकर्षण का केंद्र है, जिसे बैजनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों की पारंपरिक स्थापत्य शैली से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। उत्तर प्रदेश मंडप के प्रवेश द्वार पर अयोध्या के राम मंदिर की झलक है, ओडिशा मंडप में पुरी के जगन्नाथ मंदिर की झांकी प्रदर्शित है, जबकि बिहार मंडप में छठ घाट का सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। हरियाणा मंडप में कुरुक्षेत्र की रणभूमि में रथ पर सवार श्रीकृष्ण को अर्जुन को गीता सार देते हुए दिखाया गया है।
पहली बार श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का आधिकारिक स्टाल भी मेले में लगा है। भारत मंडपम के हाल नंबर सात-ए में लगे इस स्टाल पर माता की चुनरी, चोला, प्रसाद और धार्मिक स्मृति चिह्न खरीदे जा सकते हैं। चुनरी की कीमत 100 से 700 रुपये तक है, जबकि माता का कढ़ाईदार चोला 500 रुपये में उपलब्ध है। स्टॉल पर 500 और 2100 रुपये के विशेष प्रसाद बॉक्स भी रखे गए हैं, जिनमें पंचमेवा, रक्षा सूत्र और चांदी का सिक्का शामिल है। सोने और चांदी के सिक्कों पर माता की पवित्र पिंडियों की छवि भी लोगों का ध्यान खींच रही है।
मेले में धार्मिक स्थलों की ये प्रस्तुतियां सिर्फ सजावट या सेल्फी तक सीमित नहीं हैं। इनके जरिये राज्य अपनी धार्मिक पहचान व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचा रहे हैं। मंदिरों की वास्तुकला, तीर्थस्थलों की छवि और धार्मिक परंपराएं लोगों में उन स्थानों को देखने की रुचि जगा सकती हैं। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ होटल, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प, प्रसाद और स्मृति चिह्न जैसे कारोबार को भी अवसर मिलता है।
