कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में बुधवार शाम एक कार और मालवाहक गाड़ी की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवार शाम साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच हुआ। कार में पांच लोग सवार थे, जो बेंगलुरु से हैदराबाद की ओर जा रहे थे। कार में सवार सभी लोग बेंगलुरु के ओल्ड येलहंका इलाके के रहने वाले थे और आपस में पड़ोसी थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि कार चालक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कार सड़क के डिवाइडर को पार कर गई और दूसरी ओर की सड़क पर पहुंच गई, जहां सामने से आ रही मालवाहक गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई।

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।