बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना अंतिम चरण में है। चांपा-नैला के बीच लाइन बिछ चुकी है और अब चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने की तैयारी है। नैला स्टेशन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी होना है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार इन कामों को पूरा करने के लिए छह दिसंबर से 10 ट्रेनें रद की जा रही हैं, कुछ ट्रेनें विलंब से छूटेंगी और छह ट्रेनों का परिचालन बीच में समाप्त किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार सात से 18 दिसंबर तक 68861/68862 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी और यहीं से रवाना होगी। झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन रद रहेगी। इसी तरह 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी और कोरबा-बिलासपुर के बीच नहीं चलेगी। 18518 विशाखापत्तनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी और बिलासपुर-कोरबा के बीच इसका परिचालन रद रहेगा, जबकि 18517 कोरबा-विशाखापत्तनम लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी।
10 और 12 दिसंबर को 12410 निजामुद्दीन-रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी और बिलासपुर-रायगढ़ के बीच रद रहेगी। 12 और 14 दिसंबर को 12409 रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस बिलासपुर स्टेशन से रवाना होगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने सात से 18 दिसंबर तक 18250/18249 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर बनाकर चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार यह रेल मार्ग देश के उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण और व्यस्त कॉरिडोर है। परियोजना पूरी होने से रेल मार्ग की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे बढ़ते यात्री और माल यातायात का बेहतर प्रबंधन संभव होगा तथा ट्रेनों का परिचालन सुचारू और समयबद्ध हो सकेगा।
