दवाओं की कीमतें कम करने के मकसद से सरकार ने बायोफार्मा शक्ति योजना का खाका तैयार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फार्मा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए पहले घोषित इस योजना को अगले साल जनवरी से लागू किया जा सकता है। योजना से जुड़ा प्रस्ताव फिलहाल कैबिनेट के पास भेजा गया है। योजना को तीन श्रेणियों में बांटने की तैयारी है।

अधिकारी के अनुसार, पहली पहल के तहत बायोलॉजिकल दवाएं बनाने वाली नई कंपनियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। बायोलॉजिकल दवाएं कैंसर, डायबिटीज और मस्कुलर डिस्ट्रोफी जैसी कई इम्यूनो बीमारियों समेत गैर-संक्रामक रोगों में बेहतर परिणाम देती हैं। अधिकारी के मुताबिक, इन बीमारियों में केमिकल दवाएं कारगर हैं, लेकिन बायोलॉजिक्स को अधिक बेहतर माना जाता है।

दूसरी श्रेणी के तहत बायोसिमिलर दवाओं के विकास और निर्माण के लिए समर्पित फंड उपलब्ध कराया जाएगा। सामान्य रूप से किसी दवा का पेटेंट 20 वर्ष के लिए होता है और पेटेंट अवधि पूरी होने के बाद उसे कोई भी बना सकता है। मूल दवा को बायोलॉजिक्स और उसके जेनेरिक स्वरूप को बायोसिमिलर कहा जाता है।

तीसरी पहल के तहत देश में क्लीनिकल ट्रायल को मजबूत प्रोत्साहन दिया जाएगा। भारत की 140 करोड़ की आबादी ग्लोबल साउथ के 400 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करती है, यानी भारत में क्लीनिकल ट्रायल कराने वालों के लिए पूरा ग्लोबल साउथ खुला रहेगा। इससे भारत क्लीनिकल ट्रायल के लिए एक रणनीतिक केंद्र बनता है। फार्मास्युटिकल्स विभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद मिलकर क्लीनिकल ट्रायल साइट्स विकसित करेंगे, जिन्हें सरकार योजना के तहत बढ़ावा देगी।