टेक महिंद्रा के शेयर 27 नवंबर को चर्चा में रहेंगे, क्योंकि कंपनी के 1:1 बोनस इश्यू के लिए पात्र होने हेतु शेयर खरीदने की यह आखिरी तारीख है। कंपनी ने बोनस इश्यू के लिए 30 नवंबर, 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की है। यह 11 वर्षों में कंपनी का पहला बोनस इश्यू है; इससे पहले मार्च 2015 में 1:1 अनुपात में बोनस शेयर जारी किए गए थे।

महिंद्रा ग्रुप की आईटी कंपनी टेक महिंद्रा ने अक्टूबर में वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों के साथ बोनस इश्यू की घोषणा की थी। 23 नवंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की सिक्योरिटीज अलॉटमेंट कमेटी ने बोनस इक्विटी शेयर जारी करने के लिए पात्र इक्विटी शेयरधारकों का निर्धारण करने हेतु सोमवार, 30 नवंबर, 2026 को रिकॉर्ड डेट के रूप में तय किया है।

T+1 सेटलमेंट के अनुसार, बोनस इश्यू के लिए पात्र होने के लिए शेयर खरीदने की अंतिम तिथि शुक्रवार, 27 नवंबर है। कंपनी ने बोनस शेयरों के अलॉटमेंट के लिए 1 दिसंबर, 2026 की तारीख तय की है, जबकि नए जारी किए गए शेयर 2 दिसंबर, 2026 से स्टॉक एक्सचेंजों पर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। बोनस शेयर जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कंपनी ने अपनी अधिकृत शेयर पूंजी को 924.3 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव भी दिया था।

26 नवंबर को टेक महिंद्रा के शेयर 3 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 1854.80 रुपये पर बंद हुए। (डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)