चेन्नई के भक्त वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने गुरुवार को तिरुपति में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम्स (TTD) को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए। इन आभूषणों की कीमत करीब 160 करोड़ रुपए बताई गई है। यह दान मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में किया गया।

दान किए गए आभूषणों में 9 सेट में रखे 45 जेवर शामिल हैं। इनमें श्रीवारु का मुकुट और पद्म पादालु यानी भगवान के पैरों के आभूषण भी हैं। TTD सूत्रों के मुताबिक, तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।

वर्धमान जैन चेन्नई की कंपनी 'वारा फ्यूचर एलएलपी' के चेयरमैन हैं। उन्होंने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर 6000 करोड़ रुपए हासिल किए थे। इसी रकम में से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर को यह सोना दान किया। इससे पहले भी वे कई बार दान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।