दिसंबर की पहली तारीख से बैंकिंग, एलपीजी, पेंशन और कमोडिटी बाजार से जुड़े कई नियमों में बदलाव हो रहे हैं। इनमें एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर अतिरिक्त शुल्क, कमोडिटी डेरिवेटिव्स के लिए नए मार्जिन नियम और पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र की समयसीमा शामिल है।
घरेलू एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं का 1 दिसंबर से गैस कनेक्शन नहीं कटेगा, लेकिन सरकार की ओर से अनिवार्य की गई यह प्रक्रिया पूरी करनी जरूरी बनी रहेगी। वहीं, केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को पेंशन जारी रखने के लिए 30 नवंबर तक अपना सालाना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होगा। समय पर जमा न करने पर 1 दिसंबर से पेंशन मिलने में देरी या रुकावट आ सकती है। इसे डिजिटल माध्यम से भी जमा किया जा सकता है।
एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर 1 दिसंबर से कुछ बड़े ट्रांसपोर्ट और फ्यूल पेमेंट पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज लगेगा। 30,000 रुपये से ज्यादा के कुछ ट्रांसपोर्टेशन भुगतान पर यह शुल्क लागू होगा। एक बिलिंग साइकिल में योग्य फ्यूल ट्रांजैक्शन का कुल खर्च 50,000 रुपये से अधिक होने पर पूरे फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत चार्ज और लागू टैक्स देना होगा। सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं, ऐसे में 1 दिसंबर को 14.2 किलो वाले घरेलू और 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के नए रेट जारी हो सकते हैं। हालांकि, फिलहाल किसी बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।
सेबी के निर्देशों के तहत कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वालों के लिए शुरुआती मार्जिन की नई दरें 1 दिसंबर से लागू होंगी। कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर 6 प्रतिशत, मध्यम उतार-चढ़ाव पर 8 प्रतिशत और ज्यादा उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटी पर कम से कम 10 प्रतिशत शुरुआती मार्जिन जरूरी होगा, जिससे ट्रेडर्स को अधिक रकम रखनी पड़ सकती है। एनआरआई, ओसीआई और शर्तें पूरी करने वाले विदेशी निवेशकों के लिए भारत आए बिना डिजिटल केवाईसी की सुविधा 3 दिसंबर से उपलब्ध होगी। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 2 से 4 दिसंबर तक होगी, जिसके रेपो रेट पर फैसले का असर होम लोन और अन्य कर्ज की ब्याज दरों व ईएमआई पर पड़ सकता है। यूआईडीएआई की ओर से आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल एड्रेस अपडेट करने की सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी, जबकि अन्य आधार सेवाओं पर यह छूट लागू नहीं है।
