सोनभद्र के मधुपुर में भारतीय स्टेट बैंक के पास एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने साले और उसके साथियों पर तलाक के मुकदमे की रंजिश में मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के चमेर बांध निवासी चंद्रबली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह मोटरसाइकिल से मधुपुर में पशु आहार लेने और बैंक संबंधी कार्य के लिए जा रहे थे। भारतीय स्टेट बैंक के पास पहुंचने पर जयमोहनी पोस्ता निवासी अंशु, राहुल और दो अन्य लोग बाइक से वहां आए और उनसे कहासुनी शुरू कर दी।

विरोध करने पर आरोपितों ने एक राय होकर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई कर दी, जिससे उनकी नाक, आंख, सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े और आरोपित उन्हें वहीं छोड़कर भाग निकले। होश आने पर उन्होंने घर सूचना दी, जिसके बाद उनके पिता मौके पर पहुंचे और उन्हें नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उपचार कराया।

पीड़ित का कहना है कि उनकी पत्नी के साथ चंदौली परिवार न्यायालय में तलाक का मुकदमा चल रहा है और इसी रंजिश में आरोपित उन्हें तथा उनके माता-पिता को पहले भी जान से मारने की धमकी देते रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।