हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में वीरवार तड़के अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयंकर अग्निकांड में दुकानदारों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, तड़के जब क्षेत्र के लोग गहरी नींद में थे, तभी संघणी बाजार की एक दुकान से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों के अंदर रखा कीमती सामान बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही दमकल विभाग सलूणी को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कई दुकानें और उनमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। अग्निकांड के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल है।

प्रभावित दुकानदारों का कहना है कि ये दुकानें उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया थीं और सब कुछ जल जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों और प्रभावित दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके पर टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ितों को जल्द उचित आर्थिक सहायता दी जाए।