भाजपा 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों के लिए महिलाओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अलग महिला विस्तारक तैनात किए हैं, जो महिलाओं के बीच जाकर योगी सरकार के कामकाज पर फीडबैक ले रही हैं और उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध कर रही हैं। विस्तारक यह भी बता रही हैं कि विपक्ष ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया, अन्यथा यह संसद में पारित हो जाता।

जिले के अयोध्या, रुदौली और मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से महिला विस्तारक लगातार भ्रमण कर रही हैं। ये दूसरे प्रदेशों की प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी हैं, जो गांव-गांव और कस्बे-कस्बे पहुंचकर महिलाओं से संवाद कर रही हैं और सरकार के कामकाज को लेकर जमीनी हकीकत जानने का प्रयास कर रही हैं। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में मध्य प्रदेश की महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री प्रमिला यादव तैनात हैं। मिल्कीपुर में झारखंड की अर्चना सिंह और रुदौली में झारखंड की रमा सिन्हा विस्तारक बनाकर भेजी गई हैं।

प्रमिला यादव महानगर के सभी चार मंडलों में जाकर बूथ संयोजकों, प्रबुद्धजनों, महिला लाभार्थियों सहित अन्य सामाजिक वर्गों से संवाद कर चुकी हैं। विस्तारक महिलाओं की अपेक्षाओं, समस्याओं तथा सरकार के प्रति उनके नजरिये को समझ रही हैं और अपनी दैनिक गतिविधियों की रिपोर्ट सरल एप पर अपलोड कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी सूचित कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार इनके फीडबैक का प्रभाव प्रत्याशी चयन में देखने को मिल सकता है और यह निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इस अभियान के जरिए महिलाओं की नब्ज टटोलने के साथ उनकी चुनावी प्राथमिकताओं व भूमिकाओं को भी समझने का प्रयास किया जा रहा है।

बीकापुर व गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में इस तरह का अभियान जल्द ही शुरू होगा। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी की योजना के अनुसार ही दूसरे प्रदेशों से महिला पदाधिकारी आकर यहां संवाद के कार्यक्रम कर रही हैं।