दुनिया की सबसे एडवांस एआई चिप बनाने वाली कंपनी एनवीडिया में जेनसन हुआंग की कंपनी में वापसी का एलान हुआ है। अपने इस्तीफे के कुछ ही दिनों में हुआंग का दोबारा सीईओ पद पर लौटना कॉर्पोरेट जगत के बड़े घटनाक्रमों में से एक बन गया है। इस वापसी के साथ ही जेनसन हुआंग उन चुनिंदा दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्हें बिजनेस की भाषा में 'बूमरैंग CEO' कहा जाता है, यानी वे लीडर जो एक बार कंपनी छोड़ने के बाद दोबारा कमान संभालने लौटते हैं।

अमेरिकी कॉर्पोरेट इतिहास में संकट के समय संस्थापकों या पूर्व प्रमुखों को वापस बुलाने की परंपरा रही है। बोर्डरूम के विवादों से लेकर गंभीर आरोपों तक, कई हाई-प्रोफाइल दिग्गजों को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी, लेकिन इनमें से कुछ ही दोबारा शीर्ष पर लौट सके। नवंबर 2023 में ओपन एआई के बोर्ड द्वारा अचानक हटाए जाने के महज चार दिन बाद सैम ऑल्टमैन की सीईओ के रूप में वापसी हुई। यह वापसी तब संभव हुई जब कंपनी के लगभग सभी कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफे की धमकी दे दी और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने ऑल्टमैन को अपनी नई एआई रिसर्च टीम का नेतृत्व करने का प्रस्ताव दे दिया।

सिलिकॉन वैली के सबसे मशहूर संस्थापक स्टीव जॉब्स ने 1985 में तत्कालीन सीईओ जॉन स्कली के साथ मतभेदों के चलते एप्पल छोड़ दिया था। जब कंपनी डूबने की कगार पर थी, तब 1997 में वे फिर से सीईओ बनकर लौटे। इस दौर में उन्होंने आईपॉड, आईफोन जैसे प्रोडक्ट लॉन्च कर एप्पल को दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनाया। रॉबर्ट इगर 2005 में पहली बार डिज्नी के सीईओ बने और 2020 में पद छोड़ दिया, लेकिन 2022 में स्ट्रीमिंग यूनिट को भारी वित्तीय नुकसान के बाद बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उनसे दोबारा कमान संभालने का आग्रह किया।

डेल इंक की स्थापना करने वाले माइकल डेल 2004 तक सीईओ रहे और फिर चेयरमैन बन गए। कंपनी की गिरती साख बचाने के लिए वे 2007 में फिर से सीईओ के रूप में लौटे और EMC के साथ ऐतिहासिक विलय का नेतृत्व कर 'डेल टेक्नोलॉजीज' का गठन किया। ट्विटर के पहले सीईओ जैक डॉर्सी 2015 में फिर से सीईओ बने और अगले छह वर्षों तक इस पद पर रहे। स्टारबक्स के सीईओ रहे शुल्त्स 2008 की मंदी के दौरान फिर लौटे और नौ साल तक कंपनी का नेतृत्व किया, इसके बाद मार्च 2023 तक एक साल के लिए अंतरिम सीईओ के तौर पर अपना आखिरी कार्यकाल पूरा किया।