बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने परीक्षा और रिजल्ट से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए नई ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की है। अब विद्यार्थियों को अंकपत्र में गड़बड़ी, नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन या परिणाम में संशोधन के लिए परीक्षा विभाग का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसके लिए एसओपी जारी कर जांच, सत्यापन और स्वीकृति की जवाबदेही तय कर दी गई है।

नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर से परीक्षा पोर्टल पर लॉगिन कर शिकायत दर्ज कर सकेंगे। आवेदन के साथ समस्या से जुड़े अधिकतम 10 प्रमाणपत्र या अन्य दस्तावेज अपलोड किए जा सकेंगे। संशोधन तभी होगा, जब विवरण का कॉलेज और विश्वविद्यालय के मूल अभिलेखों से मिलान हो जाएगा।

जांच की प्रक्रिया चार स्तरों में होगी। पहले चरण में विद्यार्थी पोर्टल पर समस्या दर्ज करेंगे। दूसरे चरण में संबंधित कॉलेज के प्राचार्य, प्रभारी प्राचार्य या पीजी विभागाध्यक्ष आवेदन और अपलोड प्रमाणपत्रों की जांच करेंगे। तीसरे चरण में टैबुलेटर विश्वविद्यालय के मूल अभिलेखों से आवेदन में दिए विवरण का मिलान करेंगे। आवेदन सही पाए जाने पर संबंधित प्रमाण अपलोड किए जाएंगे, जबकि खारिज होने पर अस्वीकृति का स्पष्ट कारण दर्ज किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने स्नातक के तीनों पार्ट की परीक्षा और परिणाम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। पार्ट-1 उत्तीर्ण किए बिना पार्ट-3 का परिणाम वैध नहीं माना जाएगा और पार्ट-1 या पार्ट-2 में फेल विद्यार्थी पार्ट-3 की परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। पार्ट-1 में प्रमोटेड विद्यार्थी पार्ट-2 में नामांकन ले सकते हैं, लेकिन पार्ट-1 पास किए बिना पार्ट-3 में आगे बढ़ने की पात्रता नहीं होगी। ऐसे असाधारण मामलों में अंतिम निर्णय के लिए कुलपति के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा। रिजल्ट में अंक दर्ज नहीं होने के लंबित मामलों में संबंधित सत्र के उत्तीर्ण विद्यार्थियों के छूटे अंकों का मूल रिकॉर्ड से सत्यापन होगा और सही पाए जाने पर संशोधित रिजल्ट जारी किया जाएगा।