लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रेस वार्ता में डिलिमिटेशन बिल को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कैबिनेट का आभार जताया। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने सुनिश्चित कर दिया है कि महिला आरक्षण कानून 2029 के चुनावों से पहले लागू हो जाएगा, अब महिलाओं को और इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता खोला था। उनके अनुसार संसद और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का फैसला महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण को व्यावहारिक और प्रभावी बनाएगा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी सीटें बढ़ेंगी, जिससे प्रदेश की बहनों और बेटियों को राजनीति में अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी सांसदों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की है।

पाठक ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर महिला आरक्षण बिल के रास्ते में रोड़ा अटकाया और दोनों दल महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के विरोधी रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव महिला आरक्षण के पक्ष में होने की बात करते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी ने बिल के खिलाफ वोट दिया।