भीलवाड़ा जिले की खजूरी पंचायत समिति में उपप्रधान पद के नामांकन के दौरान जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा और पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान विधायक द्वारा अपशब्दों के प्रयोग पर एसपी ने उन्हें टोका। इस तकरार का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह 10 बजे उपप्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, जहां कांग्रेस से चुनी गईं सदस्य मनीषा मीणा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरने पहुंचीं और उन्हें भाजपा ने समर्थन दिया। कांग्रेस की ओर से हेमराज रेगर ने नामांकन दाखिल किया, जिसके बाद करीब 11 बजे एसपी सागर राणा मौके पर पहुंचे। इसी बीच नामांकन भरकर लौट रही कांग्रेस प्रत्याशी की गाड़ी को विधायक और उनके समर्थकों ने रोक लिया।

विधायक ने आरोप लगाया कि गाड़ी में हिस्ट्रीशीटर मौजूद हैं और पुलिस उन्हें एस्कॉर्ट कर रही है, जबकि भीड़ हटाने के निर्देश के बाद दोनों के बीच तकरार बढ़ गई। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने वीडियो को शेयर कर बीजेपी पर गंभीर सवाल उठाए।

बहस के बीच विधायक गोपीचंद मीणा के अपशब्दों के प्रयोग पर एसपी सागर राणा ने उन्हें ऐसा न करने के लिए कहा। जब विधायक ने गाली गलौज की तो एसपी राणा ने कहा कि सर गाली मत दीजिए, तमीज होती है किसी चीज की। इसके बाद विधायक ने सफाई दी कि उन्होंने एसपी के लिए नहीं, बल्कि प्रत्याशी के लिए अपशब्द कहे थे, साथ ही पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और अपनी तीन प्राथमिकी पर कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया। एसपी राणा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अत्यधिक भीड़ होने के कारण लोगों को हटाया गया था, जबकि अपहरण के आरोपों पर संबंधित व्यक्ति ने खुद बयान दिया था कि उसका अपहरण नहीं हुआ, जिसका वीडियो और दस्तावेज पुलिस के पास हैं।

उल्लेखनीय है कि खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दिन ग्रामीणों ने कांग्रेस सदस्यों को लेकर पहुंची बस में तोड़फोड़ कर रास्ता जाम कर दिया था। इस घटनाक्रम के कारण कांग्रेस का कोई भी सदस्य मतदान नहीं कर सका और भाजपा प्रत्याशी को प्रधान घोषित कर दिया गया। अब उपप्रधान नामांकन के वक्त हुए विधायक-एसपी विवाद के वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गर्मा दिया है।