झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर केंद्र की एनडीए सरकार को समर्थन देने का संकेत दिया है। शनिवार शाम रांची स्थित सीएम आवास पर पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई। बैठक के बाद दुमका के JMM सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि यदि परिसीमन से झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटें बढ़ती हैं, तो पार्टी बिल पर केंद्र सरकार का साथ देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी के अन्य नेता बिल पर अध्ययन कर रहे हैं और सभी पहलुओं पर विचार के बाद फैसला लिया जाएगा। उम्मीद जताई गई कि जल्द ही इस संबंध में निर्णय हो जाएगा।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि पार्टी को संसद में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक की कॉपी मिल गई है। उन्होंने बताया कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन इस विषय पर संवैधानिक और कानूनी विशेषज्ञों की राय लेंगे और विधेयक के हर पहलू पर गहन अध्ययन के बाद ही फैसला लिया जाएगा। JMM नेताओं ने साफ किया है कि पार्टी परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर झारखंड के हितों से समझौता नहीं करेगी।
लोकसभा में JMM के तीन सांसद नलिन सोरेन, विजय हांसदा और जोबा मांझी हैं, जबकि राज्यसभा में महुआ मांझी, सरफराज अहमद और बैजनाथ राम शामिल हैं। इन छह सांसदों की भूमिका इस मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
