झारखंड में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों ने पार्टी कोटे के मंत्रियों के खिलाफ बगावत की है। रांची के कांके रोड स्थित एक होटल में हुई गोपनीय बैठक में आधे से अधिक जिलाध्यक्षों ने कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मौका देने की मांग की। यह बैठक पार्टी के प्रभारी, सह प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में हुई। जिलाध्यक्षों ने आरोप लगाया कि मंत्री कार्यकर्ताओं, खासकर जिलाध्यक्षों को तरजीह नहीं देते।

जिलाध्यक्षों का कहना है कि झामुमो के मंत्री जहां अपने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाते हैं, वहीं कांग्रेस के मंत्री अपने ही कार्यकर्ताओं को हीन भावना से देखते हैं। उनका आरोप है कि इसका असर जिला स्तर के अधिकारियों पर भी पड़ रहा है और बीडीओ-सीओ भी कांग्रेस नेताओं को भाव नहीं देते। बैठक में पलामू की जिलाध्यक्ष विमला देवी ने आरोप लगाया कि एक मंत्री द्वारा उन्हें सरेआम अपमानित किया जाता है और उनके तथा उनके समर्थकों का काम भी नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कार्यकर्ताओं को बचाकर रखना मुश्किल हो रहा है।

कोडरमा के जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक के बारे में भी बैठक में बताया गया कि उनकी आंखों में आंसू दिखे, हालांकि बातचीत में उन्होंने किसी तरह की तकलीफ से इनकार कर दिया। कई जिला अध्यक्षों ने कांग्रेस प्रभारी को सलाह दी कि पार्टी कोटे के चारों मंत्रियों से मुक्ति पाई जाए और अगर बहुत आवश्यक हो तो सरकार को बाहर से समर्थन दिया जाए। बताया गया कि इस तरह की बातें कांग्रेस के कई जिला अध्यक्ष पहले भी कर चुके हैं।