लखनऊ: यूपी चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने दावा किया है कि प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी। यूपी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को याद रखना चाहिए कि सपा के कार्यकाल में प्रदेश में जंगलराज था। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र एक कमिटमेंट होता है और अखिलेश यादव को पता है कि वे सत्ता में नहीं आने वाले, इसीलिए कुछ भी घोषणा कर देते हैं। जयवीर सिंह ने कहा कि जनता समझदार है और झूठे घोषणा पत्र पर विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल में महिलाएं असुरक्षित महसूस करती थीं, जबकि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में महिलाएं सुरक्षित हैं। उनका दावा है कि सरकार ने साढ़े नौ लाख से ज्यादा नौकरियां दी हैं।
भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि इनका रिश्ता पति-पत्नी जैसा है, जहां कभी हां तो कभी ना चलता रहता है। उन्होंने कहा कि जैसे शाम को पति माफी मांग लेता है और अगली सुबह फिर लड़कर चला जाता है, वैसा ही सपा-कांग्रेस का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार के अवसर मिले और करोड़ों रुपये का निवेश हुआ, जो अखिलेश यादव को दिखाई नहीं देता।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे प्रदेश को गुमराह करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पारदर्शिता के तहत सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और मुख्यमंत्री रोजाना नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
