मुंगेर जिले के असरगंज नगर पंचायत स्थित प्राचीन दुर्गा स्मृति मंदिर परिसर का कायाकल्प होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 2 करोड़ 8 लाख 16 हजार 655 रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। वार्ड संख्या-11 स्थित मंदिर परिसर में विवाह भवन, बाउंड्री वाल, मुख्य गेट और पेवर ब्लॉक का निर्माण कराया जाएगा। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन दुर्गा स्मृति मंदिर क्षेत्र की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान है। इसके संरक्षण के साथ पूरे परिसर का समग्र विकास कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने असरगंज के समग्र विकास से जुड़ी अन्य जरूरतों पर भी ध्यान दिया। उन्होंने क्षेत्र में नए कॉलेज की स्थापना, वाटर टावर चालू करने तथा सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को निर्देशित किया। साथ ही स्कूल के मैदान को बेहतर खेल मैदान के रूप में विकसित करने को कहा गया, ताकि क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और शहरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

पटना में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर मौजूद रहे। वहीं, मुंगेर में मुख्य पार्षद लूसी कुमारी, उप मुख्य पार्षद खुशबू सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।