भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने आरा में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर देश का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने दोनों नेताओं को महिला विरोधी और लोकतंत्र विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता के बीच भय एवं भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी दुनियाभर में जाकर भारत को बदनाम करते हैं और महिलाओं को उनका अधिकार देने के मुद्दे पर विरोध करते हैं।
ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाया और लोकतंत्र की हत्या की, आज वही पार्टी वोट चोरी के आरोप लगा रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र करते हुए चुनाव से जुड़े पुराने विवादों और आरोपों का हवाला भी दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की सरकारों के कार्यकाल में भी चुनावी अनियमितताओं को लेकर आरोप लगे थे और अब ये नेता जनता का विश्वास खो चुके हैं, इसी वजह से संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि बिहार में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और युवाओं को जागरूक करना है। 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के संदेश के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि आज की युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौर और जयप्रकाश नारायण के संघर्ष के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती हमेशा लोकतंत्र और सनातन के हित में खड़ी रही है।
इससे पहले आरा में सभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि बिहार की भूमि ने राजा जनक, चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे शासकों को जन्म दिया। उन्होंने 1857 की क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजों को चुनौती दी थी, और 1975 में आपातकाल के दौरान जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार की तानाशाही मानसिकता के खिलाफ आंदोलन खड़ा किया और लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष किया।
