लखनऊ के अमीनाबाद थाना क्षेत्र से 20 अक्टूबर को लापता हुए भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राम नारायण वाजपेई 39 दिन बीतने के बाद भी पुलिस को नहीं मिले हैं। उनकी बेटी आंचल बाजपेई पाठक ने अमीनाबाद पुलिस पर शुरुआत में ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। परिवार का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी है और रकम न देने पर हत्या कर शव घर भेजने की धमकी दी है।

शिकायतकर्ता बेटी के अनुसार, परिवार ने अपने स्तर पर तलाश की तो पता चला कि वे शिवम गुप्ता उर्फ शोभित के साथ हैं। आरोप है कि पिता का फोन बंद होने के बावजूद अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप कॉल पर कभी-कभी परिजनों से बात कराई जाती थी। 21 अक्टूबर को उनके भाई से 5 हजार रुपये मांगे गए और 2 नवंबर को अधिक रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस की ओर से 3 नवंबर को सीतापुर के सिधौली स्थित शिवम के गांव कंदूनी में पूछताछ के बाद फिरौती की रकम बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई, जिसमें बुजुर्ग के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से 1 लाख, बड़ी बेटी शुचि शुक्ला से 4 लाख और दामाद पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपये की मांग की गई।

परिजनों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि ड्राइवर नीटू कनौजिया बुजुर्ग राम नारायण वाजपेई और शिवम गुप्ता को अयोध्या के रामांजननेय होटल छोड़कर गया था। परिवार का दावा है कि पुलिस के साथ होटल पहुंचने की तैयारी से पहले ही होटल संचालक ने संबंधित लोगों को अपनी गाड़ी से गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचाया और वहां से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया। मामले में शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता, ड्राइवर नीटू कनौजिया और होटल संचालक की भूमिका संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की गई है।

अमीनाबाद पुलिस की ओर से अक्टूबर में सिर्फ गुमशुदगी दर्ज करने से नाराज पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर पिता की सकुशल वापसी की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने 33 दिन बाद 22 नवंबर की रात BNS की धारा 140(2) के तहत अपहरण और फिरौती की नई FIR दर्ज की। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुजुर्ग परिवार को बताकर शिवम के साथ निकले थे। अब अपहरण की धाराओं में केस दर्ज कर गोंडा व अयोध्या तक लोकेशन ट्रेस की गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।