केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किए जाने के बाद सहरसा लोकसभा क्षेत्र के पुनर्जीवित होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। वर्ष 2004 के बाद समाप्त हो चुके इस क्षेत्र की वापसी से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है।
कोसी क्षेत्र की ऐतिहासिक सहरसा लोकसभा सीट का अस्तित्व वर्ष 2004 के बाद समाप्त हो गया था। भारतीय राजनीति में इस क्षेत्र की अपनी विशिष्ट पहचान रही है। वर्ष 1952 में पहली बार इस सीट से कांग्रेस के ललित नारायण मिश्र निर्वाचित हुए, जो 1973 से 1975 तक रेलमंत्री रहे। वर्ष 1952 से 2004 तक इस लोकसभा क्षेत्र से कुल 15 सांसद निर्वाचित हुए।
इस क्षेत्र से 1952 और 1957 में ललित नारायण मिश्र तथा 1989 और 1991 में सूर्यनारायण यादव ने लगातार जीत हासिल की। वहीं, 1996 और 1999 में दिनेशचंद्र यादव निर्वाचित हुए, परंतु 1998 के चुनाव में राजद के अनुपलाल यादव इस क्षेत्र के सांसद बने। सहरसा लोकसभा क्षेत्र की अंतिम सांसद लोजपा की रंजीत रंजन बनीं।
इसके बाद सहरसा जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों—सोनवर्षा, सहरसा और महिषी—को मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र में तथा एक विधानसभा क्षेत्र सिमरीबख्तियारपुर को खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में समाहित कर दिया गया। सीट समाप्त होने के बाद से स्थानीय लोगों की ओर से इसे बहाल करने की मांग लगातार उठती रही है। अब केंद्रीय मंत्रिपरिषद ने 50 प्रतिशत सीटों की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है, तो मतदाताओं की संख्या के आधार पर सहरसा लोकसभा क्षेत्र के पुनः अस्तित्व में आने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।
