हापुड़ में करीब 15 साल के इंतजार के बाद परिवहन विभाग को अपना स्थायी कार्यालय मिल गया है। गांव दादरी में दो एकड़ जमीन पर 9.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) भवन का शनिवार को परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने लोकार्पण किया। अब तक विभाग किराए के भवन में संचालित हो रहा था। नए भवन में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
लोकार्पण के बाद परिवहन राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जनपदों में परिवहन विभाग के अपने कार्यालय बनाए जा रहे हैं और हापुड़ का कार्यालय बहुत कम समय में तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा। अधिकारी बेहतर माहौल में लोगों के कार्य कर सकेंगे और कार्यालय आने वाले आवेदकों को बैठने सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग जनोपयोगी सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है, इसलिए आधुनिक कार्यालय बनने से कामकाज की गुणवत्ता और लोगों की सुविधा दोनों में सुधार होगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश राणा, उप परिवहन आयुक्त मेरठ हरिशंकर शर्मा, उप परिवहन आयुक्त बरेली केपी गुप्ता, आरटीओ गाजियाबाद प्रमोद कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन छवि सिंह चौहान और एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे सहित मेरठ मंडल के विभिन्न जिलों के परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजनीतिक सवालों पर दयाशंकर सिंह ने विपक्षी दलों के गठबंधन को स्वार्थ का गठबंधन करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की अन्य राजनीतिक एकजुटता से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा और जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को ही प्राथमिकता देगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। इधर, जिले के अधिकारियों को मंत्री के आने की सूचना एआरटीओ की ओर से जारी निमंत्रण पत्रों से मिली और स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री का प्रोटोकाल जारी नहीं होने से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जरूरी तैयारी नहीं की जा सकी। एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह से सरकारी था, लेकिन जल्दबाजी में प्रोटोकॉल जारी नहीं हो सका।
