केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद परिसीमन विधेयक संसद में रखा जाएगा। लोकसभा सीटों के संभावित पुनर्गठन को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और किस राज्य में कितनी सीटें बढ़ेंगी, इसे लेकर कई दावे किए जा रहे हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने परिसीमन का प्रस्तावित खाका सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें हर राज्य में सीटों की संख्या के बारे में जानकारी दी गई है।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, परिसीमन के बाद देश में लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 816 हो सकती हैं। प्रस्तावित खाके में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 120 सीटें मिलने का अनुमान है। मेघवाल के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भी लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ेगी। राज्य में अभी 11 सीटें हैं, जो परिसीमन लागू होने के बाद 16 हो जाएंगी, यानी पांच सीटों की वृद्धि होगी। फिलहाल राज्य की 11 में से 10 सीटों पर बीजेपी का कब्जा है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को एक नए विधेयक को मंजूरी दी है, जिसके तहत महिला आरक्षण लागू करने को परिसीमन से जोड़ा गया है। इसमें सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान है। सरकार अगले सप्ताह संसद के विशेष सत्र के दौरान इसे पेश कर सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी परिसीमन विधेयक का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन से जनप्रतिनिधित्व के अवसर बढ़ेंगे और निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ने से अधिक लोगों को जनसेवा तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मौका मिलेगा। महिलाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण होगा। साय ने कहा कि परिसीमन व्यापक जनहित और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा विषय है, इसलिए सभी दलों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए और संसद में प्रस्ताव आने पर इसे सर्वसम्मति से पारित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
