बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा-चामोवा ने नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने काला सागर में जारी संघर्ष के दीर्घकालिक समाधान के भारत के प्रयासों का स्वागत किया और भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को बड़ी उपलब्धि बताया।

पेट्रोवा-चामोवा ने काला सागर की सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि इस क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष का असर समुद्री जहाजों के चालक दल और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पर पड़ा है। इसमें भारतीय चालक दल के सदस्य भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और खोज एवं बचाव अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी ओर से हरसंभव प्रयास किए हैं। उनका देश काला सागर में सुरक्षा स्थिति सुधारने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है।

बैठक में भारत-EU FTA को जमीन पर उतारने और लागू करने की दिशा में काम करने की जरूरत पर जोर दिया गया। बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने कहा कि उनकी भौगोलिक स्थिति देश को यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण बनाती है, ऐसे में इस समझौते से भारतीय और यूरोपीय कंपनियों के बीच नए कारोबारी संबंध विकसित हो सकते हैं और निवेश तथा आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरिक्ष अन्वेषण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई और उम्मीद की कि भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल जल्द बुल्गारिया का दौरा करेगा।

एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि व्यापार, कनेक्टिविटी, निवेश, तकनीक, सुरक्षा और प्रतिभा के आवागमन समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने भारत-EU FTA को प्रभावी बनाने के लिए कारोबारी समुदायों के बीच सक्रिय बातचीत पर सहमति जताई। भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) और अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। पेट्रोवा-चामोवा 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आई हैं। बताया गया कि 17 साल बाद बुल्गारिया के विदेश मंत्री ने भारत का दौरा किया है।