बुंदेलखंड के सात जिलों में फैले 31 ऐतिहासिक किलों को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए सरकार 750 करोड़ रुपये से अधिक की योजना संचालित कर रही है। योजना के तहत झांसी के आठ, ललितपुर के सात, महोबा के पांच, बांदा के चार, हमीरपुर के तीन, जालौन और चित्रकूट के दो-दो किलों को हेरिटेज के रूप में विकसित किया गया है। इन स्थलों पर वाटर स्पोर्ट्स, इको टूरिज्म, रोपवे और हेलीपोर्ट जैसी सुविधाओं की योजना बनाई गई है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के जरिए क्षेत्र को देश के अन्य एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है।

बांदा के कालिंजर और महोबा के मंगलगढ़ किले को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है। पर्यटन विभाग को इन्हें विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई है। किलों से 100 मीटर की परिधि के बाहर पांच से 10 एकड़ भूमि अधिग्रहीत कर निर्माण किया जाना है, जिसके लिए किसानों और भू-स्वामियों से संपर्क शुरू किया गया है। यहां होटल, थीम पार्क, वाटर लेजर पार्क, थिएटर, बुंदेली फुड प्लाजा और ओडीओपी शॉप समेत करीब 60 प्रकार की सुविधाएं विकसित करने की योजना है। प्रत्येक किले पर भूमि खरीद के बाद 80 करोड़ रुपये की धनराशि से विकास किया जाएगा। उपनिदेशक पर्यटन आर के रावत ने बताया कि भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों और भू-स्वामियों से संपर्क किया जा रहा है।

महोबा के चरखारी स्थित रियासतकालीन मंगलगढ़ किला जल्द सैलानियों के लिए खुलेगा। 400 फीट ऊंचाई पर स्थित इस किले में सात सरोवर, मंदिर और रियासत कालीन तोपें मौजूद हैं। यह किला 30 साल तक सेना के अधीन रहा और हाल में सेना ने इसे खाली कर दिया, जिसके बाद नगर पालिका को देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई। पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने 2017 में इस दिशा में प्रयास शुरू किए थे और 2017, 2019 व 2020 में सदन में मुद्दा उठाया था। पर्यटन अधिकारी के अनुसार पालिका से हैंडओवर लेने की तैयारी चल रही है।

जैतपुर के मस्तानी महल और सुगिरा के सेनापत महल का विकास पीपीपी मॉडल से किया जाएगा। सुगिरा की गढ़ी में लाइब्रेरी बनाई जा रही है। जालौन जिले में दो किले अभी पीपीपी मॉडल में नहीं दिए गए हैं। जिलाधिकारी राजेश पांडेय के अनुसार कालपी क्षेत्र की कुछ पुरानी इमारतों को बेहतर करने के लिए प्रस्ताव तैयार कराए जा रहे हैं।