देश की सबसे बड़ी सरकारी ऑडिट संस्था कैग (CAG) ने सोने की शुद्धता की जांच करने वाली संस्था बीआईएस के कामकाज की जांच की है। कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट में सवाल उठाए गए हैं कि बीआईएस बाजार में बिक रहे 'हॉलमार्क' सोने की शुद्धता पर ठीक से नजर नहीं रख पा रहा है, जिससे आम ग्राहकों से धोखाधड़ी का खतरा बढ़ गया है। नियम के मुताबिक बीआईएस को साल में कम से कम एक बार ज्वेलर्स की दुकानों पर जाकर जांच करनी होती है कि वे वाकई शुद्ध सोना बेच रहे हैं या नहीं। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 5 सालों (2020-21 से) में बीआईएस 80% से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वेलर्स की दुकानों पर जांच के लिए गया ही नहीं। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अंतिम प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के मुताबिक देश के 392 जिलों में बिना हॉलमार्क वाला सोना बेचना गैरकानूनी है, इसलिए करीब 2.3 लाख ज्वैलरी शॉप ने बीआईएस में रजिस्ट्रेशन कराया है। साल 2024-25 में कुल लाइसेंसधारक 28,865 थे, जिनमें से सिर्फ 5,444 की जांच हुई, यानी करीब 81% दुकानदारों की किसी ने चेक ही नहीं की।
जिन जांच केंद्रों (एएचसी) में गहनों की शुद्धता परख कर उन्हें 6 अंकों का खास नंबर (एचयूआईडी) दिया जाता है, उनकी निगरानी में भी बीआईएस लक्ष्य से करीब 44% पीछे रहा।
कैग ने इस लापरवाही पर सवाल पूछे, तो बीआईएस ने कहा कि उसके पास कर्मचारियों की कमी है और दूर-दराज के इलाकों से सैंपल लाना मुश्किल होता है। हालांकि, कैग ने इस बहाने को मानने से इनकार कर दिया है।
