पलामू के कुछ निजी सीबीएसई स्कूलों में बढ़ते ‘डमी एडमिशन कल्चर’ पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) सख्ती की तैयारी में है। ऐसे स्कूलों में विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए नामांकन लेते हैं, लेकिन नियमित कक्षाओं में जाने के बजाय कोचिंग संस्थानों में मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इस प्रवृत्ति पर अंकुश के लिए बोर्ड तीन स्तरों पर जांच की तैयारी कर रहा है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नियमित रूप से स्कूल नहीं आने वाले विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने से रोका जा सकता है। नियमानुसार कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। औचक निरीक्षण में अनुपस्थित पाए जाने और उपस्थिति संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यार्थियों पर कार्रवाई हो सकती है।
जांच के दौरान स्कूलों में विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति, नामांकन से संबंधित दस्तावेज और बोर्ड परीक्षा के लिए किए गए रजिस्ट्रेशन की पड़ताल होगी। प्राथमिक कक्षाओं में नामांकित विद्यार्थियों की संख्या और बोर्ड परीक्षा के रजिस्ट्रेशन का मिलान भी किया जाएगा। असामान्य रूप से अधिक रजिस्ट्रेशन मिलने पर नामांकन पंजी की जांच होगी। डमी एडमिशन को बढ़ावा देने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है।
बोर्ड परीक्षा नियमों में बड़े बदलाव पर भी विचार चल रहा है। प्रस्ताव के तहत डमी स्कूलों में नामांकित पाए जाने वाले विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में शामिल होने से रोका जा सकता है और ऐसे विद्यार्थियों को आगे की परीक्षा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से देनी पड़ सकती है। बोर्ड का मकसद स्कूली शिक्षा में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और पढ़ाई की गुणवत्ता व अनुशासन को मजबूत करना है।
