देशभर में महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है। व्रतियों ने पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रविवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे लक्ष्मण मेला मैदान के घाट पर छठ पूजा की। वहीं, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार क्लब में सूर्य को अर्घ्य दिया। उनके साथ दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। दिल्ली में छठ पूजा के लिए करीब 1400 घाट पर तैयारियां की गई हैं। भीड़ को देखते हुए रविवार दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर सुबह 8 बजे तक यमुना घाटों से सटे रास्तों के पास रूट डायवर्जन लागू रहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक देश-विदेश से 50 लाख से ज्यादा लोग घर लौटे हैं।
दिल्ली सरकार ने छठ पूजा पर 16 नवंबर को छुट्टी का ऐलान किया है। यूपी में भी 15 और 16 नवंबर को छुट्टी रहेगी। सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो सुबह 4:30 बजे से चलना शुरू हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह फैसला लिया है। आम दिनों में मेट्रो सेवा सुबह 6 बजे शुरू होती है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह बहुत ही शुभ दिन है और खुशी का मौका है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल इलाके के लाखों भाई-बहन, जो दिल्ली में रहते हैं और जिनके योगदान से शहर चलता है, यमुना घाटों पर एक साथ छठ का महापर्व मना रहे हैं। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि वे सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दें, ताकि उनके नेतृत्व में एक विकसित भारत और विकसित दिल्ली बन सके।
पंजाब के लुधियाना में भक्तों ने पखोवाल रोड पर छठी मैया की पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संध्या अर्घ्य में शामिल हुए। अगरतला में श्रद्धालु शहर नदी किनारे इकट्ठा हुए और परिवार की सेहत व खुशहाली के लिए प्रार्थना की। गुजरात के अहमदाबाद में श्रद्धालुओं ने साबरमती रिवरफ्रंट पर पूजा-अर्चना की। दिल्ली के आया नगर, नोएडा, अरुणाचल प्रदेश के निरजुली, कोलकाता, गुवाहाटी और गोरखपुर के राजघाट पर भी श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया।
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है। इसका दूसरा दिन खरना कहलाता है। खरना के दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं। शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा की जाती है और प्रसाद तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन गाय के दूध और गुड़ से खीर बनाई जाती है। इसके साथ रोटी और अन्य पारंपरिक पकवान भी प्रसाद के रूप में तैयार किए जाते हैं। व्रती पूजा के बाद प्रसाद खाते हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस पूजा में बांस की टोकरी और सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और दूसरे पारंपरिक प्रसाद रखे जाते हैं। ठेकुआ छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है। संध्या अर्घ्य के बाद भी व्रती रातभर निर्जला उपवास जारी रखते हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महाव्रत पूरा होता है।
