मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए उत्तर प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी युवाओं को उनके ही जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करा रही है। समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के अनुसार, प्रदेश के सभी 75 जिलों में 157 अभ्युदय केंद्र संचालित हैं, जहां करीब 19,856 अभ्यर्थी नियमित रूप से निशुल्क कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं। शुरुआत से अब तक 1.29 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं ऑफलाइन कोचिंग से शिक्षा हासिल कर चुके हैं।

बसंत पंचमी के अवसर पर 16 फरवरी 2021 को शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी उपलब्ध कराना है। योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस और एसएससी जैसी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। केंद्रों पर विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।

योजना के परिणामों में भी इसका प्रभाव दिखाई दे रहा है। अभ्युदय योजना के माध्यम से तैयारी करके अब तक 700 से अधिक अभ्यर्थी सिविल सेवा, पीसीएस, नीट, जेईई और अन्य सरकारी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। वहीं, वर्ष 2024 से 2026 के बीच शीर्ष 10 अभ्युदय कोचिंग केंद्रों के 138 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।

सरकार का यह प्रयास महात्मा ज्योतिबा फुले के समतामूलक समाज के विचार से जोड़कर देखा जा रहा है, जिन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव और समानता का सशक्त माध्यम माना था। योजना का लाभ प्रदेश के अलग-अलग जिलों के विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है, जिससे आर्थिक अभाव के कारण किसी युवा की प्रतिभा पीछे न छूटे।