नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया है। कुछ इलाकों में पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह और रात के समय ठंड का एहसास हो रहा है, लेकिन मौसम विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक दिसंबर के दूसरे सप्ताह से पहले राजधानी में लंबे समय तक ठंड का दौर शुरू होने की संभावना कम है।
स्काईमेट वेदर के वाइस प्रेसिडेंट महेश पलावत के अनुसार, नवंबर में दिल्ली को प्रभावित करने वाला केवल एक पश्चिमी विक्षोभ आया था, जिसके प्रभाव से 14 नवंबर को हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद मौसम साफ रहा और तेज धूप से दिन का तापमान बढ़ता रहा। पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी न होने से मैदानी इलाकों तक वैसी ठंडी हवाएं नहीं पहुंचीं, जो आमतौर पर सर्दी बढ़ाती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की कमी, प्रशांत महासागर में मजबूत अल नीनो की स्थिति और दिल्ली का शहरी वातावरण रात के तापमान को सामान्य से ऊपर बनाए रखने में भूमिका निभा रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के मौजूदा अनुमानों के अनुसार, 2 दिसंबर तक आसमान साफ रहने से रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या थोड़ा नीचे रह सकता है, लेकिन फिलहाल शीतलहर की संभावना नहीं है। यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट (ECMWF) के 25 नवंबर के मॉडल में 2 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत में किसी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संकेत नहीं हैं। इसके बाद पश्चिमी हिमालय में कमजोर सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है, जबकि 6-7 दिसंबर के आसपास मजबूत सिस्टम आने का पहले का अनुमान नए चार्ट में नजर नहीं आ रहा है।
डॉ. वेंकटरमण के मुताबिक, कड़ाके की ठंड के लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का चलना जरूरी है। दिल्ली में सर्दियों का सबसे ठंडा दौर आमतौर पर जनवरी में देखने को मिलता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अल नीनो के कारण इस बार शीतलहर वाले दिनों की संख्या कम रह सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। डॉ. वेंकटरमण का कहना है कि अल नीनो के बावजूद जनवरी में लंबे समय तक कोहरा और ठंड पड़ सकती है, जैसा जनवरी 2024 में भी देखा गया था।
