राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) मणिपुर में आतंकवादी गतिविधियों के पीछे म्यांमार स्थित जातीय सशस्त्र संगठनों और भारत विरोधी तत्वों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, म्यांमार में सक्रिय ये संगठन भारत के प्रतिबंधित उग्रवादी समूहों को हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक मुहैया करा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है, ताकि मणिपुर में आतंकी घटनाओं के पीछे की व्यापक साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।
एजेंसी अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वान डाइक और यूक्रेन के छह नागरिकों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इन सातों पर आरोप है कि इन्होंने भारत से अवैध रूप से म्यांमार में प्रवेश कर जातीय सशस्त्र समूहों को प्रशिक्षण दिया। इन्हें इस साल गिरफ्तार किया गया था। अमेरिकी नागरिक फिलहाल जमानत पर बाहर है।
एनआईए की प्राथमिकी के अनुसार, ये तत्व म्यांमार के पीएलए, प्रीपाक और प्रीपाक-प्रो जैसे प्रतिबंधित संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इन पर गुप्त माध्यमों से धन और हथियार पहुंचाने तथा आम नागरिकों की हत्या और सुरक्षा बलों पर हमलों की साजिश रचने का आरोप है।
