नई दिल्ली। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले की रहने वाली अनीता एक बीमा कंपनी में नौकरी करती हैं और उनका सालाना वेतन 25 लाख रुपये है। उन्होंने कन्याकुमारी में नारियल की खरीद, कटाई और बिक्री का साइड बिजनेस शुरू किया, जिसके तहत किसानों से बागान लीज पर लिए गए और स्थानीय किसानों से सीधे नारियल खरीदकर बाजार में बेचा गया। वित्त वर्ष 2019-20 में उन्होंने अपने बैंक खाते में 1.17 करोड़ रुपये कैश जमा किए, जिसके बाद आयकर विभाग ने मामले को जांच के दायरे में लिया।
शुरुआत में अनीता ने इसे कृषि आय बताया, लेकिन बाद में 16 मार्च 2023 को अपडेटेड रिटर्न (ITR-U) दाखिल कर 1.27 करोड़ रुपये का टर्नओवर दिखाया और धारा 44AD के तहत 8 फीसदी की दर से 10.21 लाख रुपये की कारोबारी आय घोषित की। असेसिंग अधिकारी ने नियमित बहीखाता, खरीद-बिक्री के बिल और स्टॉक रजिस्टर न होने का हवाला देते हुए पूरी 1.17 करोड़ रुपये की नकदी को धारा 69A के तहत अघोषित आय मानकर टैक्सेबल इनकम में जोड़ दिया। कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स (अपील) ने भी यह फैसला बरकरार रखा।
इसके बाद अनीता ने चार्टर्ड अकाउंटेंट के. विश्व पद्मनाभन की मदद से चेन्नई स्थित आयकर अपीलीय ट्रिब्यूनल (ITAT) में अपील दायर की। ट्रिब्यूनल ने 16 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए पाया कि कैश उनके बैंक ओवरड्राफ्ट खाते में जमा की गई थी, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर व्यावसायिक लेनदेन के लिए होता है। खाते में लगातार नकद जमा, निकासी और बैंकिंग चैनलों से हुए भुगतान से पुष्टि होती है कि खाते का इस्तेमाल नारियल के बिजनेस के लिए हो रहा था। नारियल खरीदारों और किसानों के कन्फर्मेशन को आयकर विभाग झूठा साबित नहीं कर सका।
ट्रिब्यूनल ने स्पष्ट किया कि सिर्फ नियमित बहीखाता न रखने के आधार पर पूरे व्यावसायिक टर्नओवर को अघोषित आय नहीं माना जा सकता, क्योंकि टर्नओवर में खरीद लागत और अन्य खर्चे भी शामिल होते हैं। हालांकि, बिल और स्टॉक रजिस्टर के अभाव में वास्तविक मुनाफे का स्वतंत्र सत्यापन संभव न होने के कारण ट्रिब्यूनल ने 1.17 करोड़ रुपये की अघोषित आय के मूल आदेश को रद्द करते हुए इस नकद जमा राशि का 8 फीसदी यानी 9,41,600 रुपये अतिरिक्त व्यावसायिक आय के रूप में जोड़ने का निर्देश दिया। यह रकम पहले से घोषित 10.21 लाख रुपये की आय के अतिरिक्त टैक्सेबल होगी। टैक्स एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह फैसला उन नौकरीपेशा लोगों के लिए मिसाल है जो साइड बिजनेस करते हैं, बशर्ते वे सैलरी इनकम और बिजनेस ट्रांजैक्शन के लिए अलग बैंक खाता और बुनियादी रिकॉर्ड बनाए रखें।
