मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैणी-भुली योजना का विरोध करने पर कांग्रेस पर निशाना साधा है। हरिद्वार के नारसन में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर पूरी तरह महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बैणी-भुली योजना महिलाओं के लिए काफी उपयोगी है, लेकिन कांग्रेस लगातार इसका विरोध कर रही है।

धामी ने कहा कि सरकार बहनों के लिए यह योजना लेकर आई है, जबकि कांग्रेस नहीं चाहती कि बहनों के खाते में पैसे आएं। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्रदेश की बहनों को काफी लाभ मिलेगा और वे इस पैसे से अपने काम को आगे बढ़ाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 में मुख्यमंत्री बनने के बाद कोरोना काल में महिला स्वयं सहायता समूह का सामान खराब न हो, इसके लिए पैकेज दिया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूह को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के देने का काम किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री नारी सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना लाई गई।

उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकारी नौकरियों में उन्हें बीस प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह सब चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं किया गया है, बल्कि पांच साल से सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को यह अच्छा नहीं लग रहा है कि उत्तराखंड की महिलाएं आगे बढ़ें।