कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से प्रेरित होकर 'कॉकरोच क्लब' शुरू किया है। पार्टी का कहना है कि इसका उद्देश्य व्यंग्य और गांधीगिरी के जरिए युवाओं को जोड़ना और राजनीतिक आंदोलन को देशभर में फैलाना है। क्लब का पहला एपिसोड पुणे के कोथरुड स्थित गांधी भवन में 'लीगेसी ऑफ बापू' नाम से आयोजित कार्यक्रम में शूट किया गया, जिसमें करीब 250 लोग शामिल हुए। सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने इसे गांधी जी पर तीन घंटे का कॉमेडी, व्यंग्य और संवाद का कार्यक्रम बताया। उन्होंने बताया कि संगठन विचार कर रहा है कि भविष्य की बैठकों को ओटीटी प्लेटफॉर्म के स्टैंड-अप कॉमेडी शो की तरह नियमित एपिसोड के रूप में पेश किया जाए। यह पहला एपिसोड अभी रिलीज होना बाकी है।
कार्यक्रम की सजावट, 60 डिग्री के कोण पर बैठे जजों के पैनल, प्रचार के शब्दों और बोलने के अंदाज तक में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' की झलक देखी गई। उल्लेखनीय है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जून में पेपर लीक के मुद्दे पर हुए पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा था कि वह इस शो में नहीं जाना चाहते और उन्हें यह पसंद नहीं है। क्लब के पहले कार्यक्रम के पोस्टर की टैगलाइन 'कॉमेडी। व्यंग्य। बापू पर एक संवाद' थी। कार्यक्रम के बाद 'एक्स' पर पार्टी की पोस्ट में कहा गया कि कॉकरोच क्लब शुरू हो गया है और पूरा एपिसोड जल्द आएगा।
सौरव दास ने कॉकरोच क्लब को युवा पीढ़ी के लिए एक भौतिक मंच बताया। उनके अनुसार, यहां फिल्म स्क्रीनिंग, लाइव परफॉर्मेंस और स्टैंड-अप कॉमेडी के साथ-साथ महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, बीआर आंबेडकर और अन्य विचारकों के विचारों पर व्याख्यान और चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस मंच का इस्तेमाल इस बात पर चर्चा के लिए किया जाएगा कि आंदोलन को आगे कैसे बढ़ाया जाए और युवाओं की ऊर्जा को व्यवस्थित दिशा कैसे दी जाए। खुद को प्रेशर ग्रुप बताने वाला यह संगठन अब तक पेपर लीक और कथित चुनावी धांधली के मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन कर चुका है।
