कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गुरुवार शाम 4 बजे नागपुर के संविधान चौक पर 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन और जनसभा करेगी। इससे पहले CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में गड़बड़ियां हो रही हैं और चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि देश को संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुसार चलना चाहिए।
दीपके ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट दबाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाए गए। विरोध जताने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगाई गई और मोदी चालीसा बजाई गई। दीपके ने कहा कि CJP किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करती और न ही पार्टी बनाने की योजना है। संगठन रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता देना चाहता है।
प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। रांका के मुताबिक, संगठन महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिवसीय 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान चलाएगा, जिसके तहत सदस्य किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सामने लाएंगे। गोवा में अच्छे रिस्पॉन्स के बाद यह अभियान दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी चलाया जाएगा। गोवा में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर नागरिक घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।
CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया के विरोध में देश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन कर रही है। इससे पहले संगठन मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली और कोच्चि में प्रदर्शन कर चुका है। CJP ने 19 जून से 25 जुलाई तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था, और 36 दिन के विरोध के बाद प्रधान ने इस्तीफा दे दिया था। NEET पेपर लीक विवाद के बाद CJP ने प्रधान के इस्तीफे को मुद्दा बनाया था। इस प्रदर्शन के दौरान एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी भूख हड़ताल पर बैठे थे।
