लखनऊ में गुरुवार को कांग्रेस ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी। जिला प्रशासन ने हजरतगंज और माल एवेन्यू को संवेदनशील क्षेत्र घोषित करते हुए मार्च की अनुमति नहीं दी है। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में मार्च हर हाल में निकाला जाएगा।

बुधवार दोपहर पार्टी ने पहले मार्च रद कर पार्टी मुख्यालय में ही कार्यक्रम करने की घोषणा की थी। इसकी जानकारी मिलने पर शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस के फैसले पर नाराजगी जताई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने सफाई दी और मार्च निकालने पर अड़चन जताई। बता दें कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर 16 नवंबर को दिल्ली में हुई बैठक में शीर्ष नेतृत्व ने संविधान दिवस पर मार्च निकालने के निर्देश दिए थे।

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के अनुसार पार्टी ने मार्च में 40 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी की थी, लेकिन अब 10 हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाई जा रही है। पार्टी मुख्यालय में करीब एक हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। बुधवार को पहले प्रदेश अध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस का आमंत्रण दिया गया था, बाद में उसे बदलकर वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस रख दी गई। उन्होंने सीट बंटवारे पर बात करने से मना करते हुए कहा कि वह सिर्फ गुरुवार के कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी देने आए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर आंबेडकर महासभा के कार्यालय पहुंचकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर एक से तीन बजे तक वह मार्च में शामिल होंगे। मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर हजरतगंज स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर समाप्त होगा। पार्टी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ मार्च में शामिल होने की अपील की है।