कांग्रेस ने बुधवार को परिसीमन संबंधी विधेयक के मुद्दे पर नरेन्द्र मोदी सरकार पर तंज कसा। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 'स्वयंभू चाणक्य' ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए कौटिल्य के 'साम, दाम, दंड, भेद' सिद्धांत के आखिरी तीन तरीकों का इस्तेमाल किया, लेकिन वह नाकाम रहे। उन्होंने सवाल किया कि इस सिद्धांत के पहले तरीके यानी संवाद को कोई मौका क्यों नहीं दिया गया।

रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री को पिछले सात महीनों में चार बार पत्र लिखकर इसी रास्ते का सुझाव दिया, लेकिन इन पत्रों की सामान्य तौर पर पावती भी नहीं दी गई। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकसभा में परिसीमन से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की बेताबी में 'स्वयंभू चाणक्य' ने सिद्धांत के आखिरी तीन तरीकों का सहारा लिया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। जयराम रमेश अक्सर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कटाक्ष करते हुए उन्हें 'स्वयंभू चाणक्य' कहते हैं।

कांग्रेस ने पिछले सप्ताह कहा था कि संसद का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 100 दिन हो चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं। रमेश ने तब कहा था कि देश के हित में यह होगा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल होने तक लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या और राज्यों के लिए सीटों का मौजूदा आवंटन बरकरार रखा जाए तथा महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए।

इस बीच खबर है कि सरकार अगले महीने यानी दिसंबर की 15 तारीख से संसद का शीतकालीन सत्र बुला सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कहा है कि वे संसद के अगले सत्र की तैयारियां 15 दिसंबर से पहले पूरी कर लें और इस दौरान विदेश यात्रा पर जाने से बचें। सरकार 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र बुलाने पर विचार कर रही है, और संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति इसके लिए तारीखें और अवधि तय कर सकती है। इस सत्र में परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक मुख्य आकर्षण हो सकता है। इसके अलावा, सरकार लोकसभा और विधानसभा सीटों के संभावित पुनर्वितरण पर होने वाली चर्चा के लिए भी तैयारी कर रही है।