पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा पर विवाद जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने शुक्रवार को सवाल उठाया कि क्या यह महज संयोग है कि पाकिस्तान ने उसी मंत्री को भारत भेजा, जिसने सिंधु जल समझौता रद्द किए जाने पर भारत के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। उन्होंने पूछा कि अप्रैल 2025 और नवंबर 2026 के बीच भारत के खिलाफ पाकिस्तान द्वारा आतंक फैलाने के मामले में क्या बदल गया है। तिवारी ने मोदी सरकार पर भरोसा जताने में आशंका जाहिर की।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मलिक का भरपूर स्वागत किया गया और मोदी के मंत्री गजेन्द्र शेखावत उनकी टेबल पर बैठे, जबकि वे कहीं और भी बैठ सकते थे। उन्होंने कहा कि इस मंत्री ने भारत के हाथ काटने और खून बहाने की धमकी दी थी। विदेश मंत्रालय पहले ही कह चुका है कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख स्पष्ट है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि पिछले साल 7-10 मई के दौरान ऑपरेशन सिंदूर और दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव के बाद संभवत: यह पहली बार था जब नई दिल्ली ने किसी पाकिस्तानी मंत्री को भारत में होने वाले कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया हो। मलिक ने शुक्रवार को पुराना किला परिसर में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच से इतर कहा कि संस्कृति की बातचीत को बढ़ावा देने में अहम भूमिका है और आपसी समझ से ही संवाद आगे बढ़ सकता है।
द्विपक्षीय मुद्दों पर पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि यह बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां कोई द्विपक्षीय मामला नहीं है। भारत तीन दिवसीय इस मंच की मेजबानी कर रहा है, जिसमें एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
