भाजपा ने गुरुवार को दिल्ली में संविधान गौरव दिवस मनाया, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सांसद बांसुरी समेत कई नेता शामिल हुए। इस मौके पर शाह ने संविधान के लिए बलिदान देने वाले सपूतों को नमन किया और कांग्रेस पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ लोग संविधान की किताब जेब में रखते हैं और सरेआम उसे लहराते हैं, लेकिन इसे पढ़ना भी जरूरी है।
शाह ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश की एक नई यात्रा शुरू हुई। 1857 से 1947 तक चले 90 वर्षों के लंबे स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत बलिदान हुए और कई स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते मां भारती को आजाद कराने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कई लोगों ने अपना घर-बार, व्यापार, करियर और पढ़ाई-लिखाई छोड़कर देश को आजाद कराने के लिए अथक प्रयास किए।
गृह मंत्री ने कहा कि 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद संविधान गौरव दिवस मनाने का फैसला लिया गया, जिसका मकसद संविधान की भावना को देश के लोगों तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद संविधान को सिर्फ सरकार चलाने वाली किताब के तौर पर देखने की कोशिश हुई और इसके मूल विचारों को किशोरों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है और सत्ता में बैठे लोगों के लिए यह जरूरी करता है कि वे संविधान की निर्धारित सीमाओं के भीतर रहकर सरकार चलाएं।
शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान केवल किताब दिखाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सम्मान का दूसरा तरीका यह है कि संविधान ने जो कसौटियां और मानक तय किए हैं, उन पर एक व्यक्ति और एक राजनीतिक दल के तौर पर खरा उतरा जाए। वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि लोकतंत्र के निर्माण और उसे ताकत देने में बिहार की हमेशा अग्रणी भूमिका रही है।