जम्मू-कश्मीर में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग करने वाले आतंकियों का मंगलवार को CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उमर निसार डार CRPF कैंप की रेकी करते दिख रहे हैं। 56 सेकेंड के वीडियो में दोनों टैक्सी से उतरते नजर आए। पहले लतीफ और फिर उमर उतरा और दोनों कैंप की ओर बढ़ गए। दोनों की कैंप की ओर जाते एक फोटो भी सामने आई है। दोनों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षाबलों ने सोमवार को इनमें से एक आतंकी उमर को मार गिराया, जबकि लतीफ की तलाश जारी है। हालांकि एक दिन पहले सेना ने लतीफ के मारे जाने की बात कही थी।

जांच के मुताबिक, उमर ने लश्कर-ए-तैयबा/द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के कमांडर लतीफ भट के साथ मिलकर मीर बाजार, अखरन, हबलीश और कुलगाम समेत कई जगहों की रेकी की थी। 10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को दोनों कई जगहों पर लगे कैमरों में दिखाई दिए। फुटेज में दोनों रेकी के दौरान आवाजाही करते और अखरन हमले के बाद भागते दिखे। उमर के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में पता लगा कि उमर पिछले 5 से 6 महीने से लतीफ भट को पनाह और दूसरी मदद दे रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि अखरन की घटना के तुरंत बाद उमर TRF संगठन में शामिल हो गया था। हमले के बाद फरार हुए उमर और लतीफ को सोमवार को लारू में सुरक्षा बलों ने घेर लिया, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में उमर मारा गया।

11 नवंबर को CRPF की पेट्रोलिंग टीम पर हुए हमले के बाद कुलगाम के ग्रामीण इलाकों में सर्च ऑपरेशन लगातार सातवें दिन भी जारी है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों ने 15 से ज्यादा गांवों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। संदिग्ध इलाकों की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हमलावरों का पता लगाने के लिए घरों, उनके आसपास बने कमरों, बगीचों और घनी झाड़ियों की गहन तलाशी ली जा रही है। अभियान में सुरक्षा बल ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ले रहे हैं। आने-जाने वाले रास्तों पर कई चेकपोस्ट बनाए गए हैं और नागरिकों की आवाजाही पर पाबंदियां जारी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 600 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जबकि जांच के तहत कई अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। घेराबंदी वाले गांवों के निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है।

जम्मू-कश्मीर में 2024 से अब तक 548 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 45 जवान शहीद हुए हैं और 138 आतंकी मारे गए हैं।