दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने सीआईएसएफ के एक जवान को धक्का दिया और भागने की कोशिश करने लगा।
एयरपोर्ट के हाई सिक्योरिटी वाले इलाके में हुई इस घटना के बाद सीआईएसएफ जवानों ने तुरंत कार्रवाई की। जवानों ने चंद सेकंड के भीतर ही उस शख्स को दबोच लिया। घटना के समय टर्मिनल-3 में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय थी।
फिलहाल इस मामले में शख्स की पहचान और उसके इरादे का खुलासा नहीं हो पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसने टर्मिनल में जबरन घुसने की कोशिश क्यों की। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
एयरपोर्ट पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, सीआईएसएफ जवानों की तत्परता से शख्स को कुछ ही पलों में पकड़ लिया गया, जिससे बड़ी घटना टल गई।